
कांग्रेस पार्टी के लोग धोखेबाज हैं। कांग्रेस के लोग भाजपा से मिले हुए हैं। कांग्रेस के बड़े नेताओं को चाहिए कि वह अपनी पार्टी के छोटे स्तर के नेताओं से समाजवादी पार्टी पर बयान न दिलायें। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल यादव के आवास पर प्रेस प्रतिनिधियों से मुखातिब होते हुए कही। शाहजहांपुर जाते समय पूर्व मुख्यमंत्री कुछ समय के लिए सपा जिलाध्यक्ष के आवास पर ठहरे थे। बातचीत के दौरान कांग्रेस से खासे नाराज दिखे सपा सुप्रीमो ने कहा कि ‘इण्डिया’ से केन्द्र के लिए गठबंधन के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी विचार करेगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि समाजवार्दी पार्टी के साथ जैसा व्यवहार होगा, ‘इण्डिया’ के साथ सपा उसी तरह का व्यवहार करेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ कहा कि अगर मुझे पता होता कि ‘इण्डिया’ का गठबंधन प्रदेश स्तर/विधान सभा स्तर पर नहीं है तो हम कांग्रेस नेताओं के फोन ही नहीं उठाते। न ही उनसे मिलते और न ही उन्हें कोई सूची देते। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मुझे स्पष्ट हो गया कि ‘इण्डिया’ विधान सभा स्तर पर कोई गठबंधन नहीं कर रहा है तो मैंने अपनी पार्टी के टिकट घोषित कर दिये। एक सवाल के जवाब में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बयानों को ले कर खासी नाराजगी जतायी। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2024 में भाजपा का डट कर मुकाबला कर रही है और वह उसे लोक सभा चुनावों में करारी शिकस्त देगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर मीडिया की आवाज दबाने का भी काम करने की बात कही। एक सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी के बड़े नेता आजम खां के साथ इसलिए और अधिक अन्याय हो रहा है क्योंकि वह मुस्लिम हैं।

