
दिल्ली सरकार ने राजधानी में निजी क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में इजाफा किया है। वेतन की नई दरें एक अक्टूबर से प्रभावी होंगी। समाज कल्याण मंत्री राजकुमार आनंद ने सभी संस्थानों के नई दर पर वेतन भुगतान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम मजदूरी में इतनी बढ़ोतरी करने वाला दिल्ली देश का पहला राज्य है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार ने इस त्योहारी सीजन में श्रमिकों को वेतन बढ़ोतरी का तोहफा देने का काम किया है। न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी का राजधानी के अकुशल, अर्ध कुशल और कुशल श्रमिकों साथ ही लिपिक और सुपरवाइजर वर्ग के कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। सरकार के इन निर्णय से दिल्ली में काम कर रहे लाखों श्रमिक आर्थिक रूप से लाभान्वित होंगे। न्यूनतम मजदूरी बढ़ने से आम आदमी को लाभ मिलेगा। निजी संस्थानों को जारी आदेश में कहा है कि सभी संस्थान एक अक्टूबर से श्रमिकों को बढ़े हुए वेतन का भुगतान करें।

