crossorigin="anonymous"> पास्को एक्ट में गिरफ्तार कैदी फरार, पुलिस की लापरवाही पर सवाल - Sanchar Times

पास्को एक्ट में गिरफ्तार कैदी फरार, पुलिस की लापरवाही पर सवाल

Spread the love

हैदर अली
पटना (संचारटाइम्स.न्यूज)

रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। पास्को एक्ट में गिरफ्तार एक कैदी रघुराज कुमार पुलिस हिरासत से फरार हो गया है। रघुराज कुमार को भागलपुर से गिरफ्तार कर सासाराम लाया गया था और उसे शुक्रवार को मंडल कारा भेजा जा रहा था, लेकिन इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफलता हासिल की।

सूत्रों के मुताबिक, रघुराज कुमार को जब जेल भेजने की प्रक्रिया में पुलिसकर्मी थे, तभी उसने किसी बहाने से पुलिस को गुमराह किया और भाग निकला। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे पकड़ने में असफल रहे। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या पुलिस की सुरक्षा इतनी कमजोर थी कि आरोपी उनकी आंखों के सामने से फरार हो गया?

इस घटना के बाद रोहतास पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने फरार कैदी की तलाश के लिए तुरंत टीम गठित की और छापेमारी शुरू कर दी। एसपी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ना है और अगर किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अब तक किसी भी पुलिसकर्मी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोग नाराज हैं।

लोगों का कहना है कि अगर पुलिस सतर्क रहती, तो कैदी के फरार होने की नौबत ही नहीं आती। इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। पुलिस ने आसपास के जिलों को अलर्ट पर रखा है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

आम जनता में इस घटना के बाद गहरी नाराजगी है। लोगों का मानना है कि पुलिस की लापरवाही अपराधियों के हौसले बुलंद कर रही है और अगर यही स्थिति बनी रही, तो अपराधियों को पकड़ना और भी मुश्किल हो जाएगा। अब यह देखना होगा कि पुलिस कब तक फरार कैदी को पकड़ पाती है और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।


Spread the love