
हैदर अली, संचार टाइम्स ब्यूरो
गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश करते हुए, सासाराम नगर निगम के वार्ड संख्या-44, अमरी-मोड़ से 20 बसों में मुस्लिम श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश के गौसपुर रवाना किया गया। इन बसों को नगर निगम की उप-मेयर सत्यवंती देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का संयोजन वार्ड पार्षद सरोज गुप्ता और समाजसेवी मुन्ना चन्द्रवंशी द्वारा किया गया।

उप-मेयर सत्यवंती देवी ने भारत की साझा संस्कृति की सराहना करते हुए संयोजकों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह भी उपस्थित थे और उन्होंने भी इस धार्मिक सद्भावना के प्रयास को सराहा।
संयोजकों के अनुसार, श्रद्धालु गौसपुर स्थित महान सूफी संत शेख अब्दुल क़ादिर जिलानी (गौस-ए-आज़म) की मज़ार पर चादरपोशी कर दुआएँ माँगेंगे। वहाँ लंगर की व्यवस्था भी की गई है। बसें 4 अक्टूबर को विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराते हुए पुनः सासाराम लौटेंगी।
