
ST.News Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा- “पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ मुलायम सिंह यादव जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!” उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मुलायम सिंह यादव को नमन करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पित जननेता बताया।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (1939–2022) तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और भारत के रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने कार्य किया। वे समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया से गहराई से प्रभावित थे और अपने जमीनी जुड़ाव तथा पिछड़े वर्गों की लामबंदी के लिए जाने जाते थे।
