
ST.News Desk
झारखंड सरकार द्वारा संचालित गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को कम ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक बाधाओं के कारण उनकी उच्च शिक्षा प्रभावित न हो। किंतु योजना के प्रावधानों के बावजूद लाभार्थियों को बैंक स्तर पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पलामू निवासी अविनाश सिंह ने गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत शिक्षा ऋण प्राप्त न होने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र का नामांकन कलिंगा इंजीनियरिंग कॉलेज, भुवनेश्वर में हुआ है। उनके पास गुरूजी क्रेडिट कार्ड (संख्या- 0627202600208364 / जारी तिथि- 02/26) उपलब्ध है।
जब उन्होंने इस कार्ड के आधार पर भारतीय स्टेट बैंक, मेन ब्रांच डाल्टनगंज से शिक्षा ऋण प्राप्त करने का प्रयास किया, तो बैंक प्रबंधक द्वारा 10.50% ब्याज दर पर ऋण आवेदन पत्र दिया गया। अविनाश सिंह के अनुसार, गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 4.00% ब्याज दर पर ऋण की व्यवस्था है।
इस संबंध में जब उन्होंने बैंक अधिकारियों से जानकारी चाही, तो बैंक स्टाफ ने इसे मात्र “प्रचार” बताते हुए कहा कि उनके पास सरकार का कोई आधिकारिक पत्र उपलब्ध नहीं है। शाखा प्रबंधक ने भी योजना के प्रावधानों की जानकारी न होने की बात कही।
अविनाश सिंह ने सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत निर्धारित 4.00% ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने इस संदर्भ में अपने गुरूजी क्रेडिट कार्ड की छायाप्रति भी संलग्न की है।
उन्होंने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार को भी सूचनार्थ प्रेषित की है, ताकि मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

