
ST.News Desk : दिल्ली विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें 8 फरवरी को आने वाले चुनावी नतीजों पर टिकी हुई हैं। एग्जिट पोल के परिणाम सामने आने के बाद भाजपा उत्साहित नजर आ रही है। अधिकांश एग्जिट पोल में 27 साल बाद भाजपा की दिल्ली में वापसी की संभावना जताई जा रही है। लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने इन अनुमानित नतीजों पर सवाल उठाए हैं।

संदीप दीक्षित ने एएनआई से बातचीत करते हुए कहा कि एग्जिट पोल दिल्ली विधानसभा चुनाव के वास्तविक परिणामों का सही चित्रण नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “इन पोल्स में आम आदमी पार्टी (AAP) को कम आंका गया है।” उन्होंने आगे कहा कि एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा सरकार बना सकती है, लेकिन मुझे लगता है कि एग्जिट पोल्स में आप को कमजोर दिखाया गया है, जबकि उनकी स्थिति उतनी खराब नहीं होगी।
संदीप दीक्षित ने यह भी कहा, “मुझे एग्जिट पोल से निराशा हुई है; कांग्रेस को 17-18 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। 8 फरवरी को सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि एग्जिट पोल्स कभी सही होते हैं तो कभी गलत भी, और ये दिल्ली चुनाव के नतीजों की सही तस्वीर पेश नहीं कर रहे हैं।
एग्जिट पोल में भाजपा की जीत का अनुमान विभिन्न रूपों में पेश किया गया है। पी-मार्क एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 39-49 सीटें, आप को 21-31 सीटें, और कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, मैट्रिज एग्जिट पोल में भाजपा और आप के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान है, जिसमें भाजपा को 35-40 सीटें और आप को 32-37 सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है। पीपुल्स पल्स एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 51-60 सीटें और आप को 10-19 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिलती दिखाई दे रही है।
इसके अलावा, पीपुल्स इनसाइट एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 40-44 सीटें और आप को 25-29 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने की संभावना है। वीप्रेसिड एग्जिट पोल में आप को 46-52 सीटें, भाजपा को 18-23 सीटें, और कांग्रेस को 0-1 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।
सभी एग्जिट पोल्स के आंकड़े आने के बाद अब चुनावी नतीजों का इंतजार किया जा रहा है, जो 8 फरवरी को स्पष्ट हो जाएगा।
