crossorigin="anonymous"> भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में पहुंची टीम इंडिया - Sanchar Times

भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराया, फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

Spread the love

मैच के बाद सूर्या और हैरी ब्रूक ने कही ये बड़ी बातें

टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में पहुंच चुकी थी। जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बेहद खुश नजर आए, जबकि इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी मैच को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

ST.News Desk
टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल बेहद रोमांचक रहा, जिसमें भारत ने इंग्लैंड को सात रन से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ अब फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि यह एक अविश्वसनीय एहसास है और इतनी शानदार टीम की कप्तानी करना उनके लिए गर्व की बात है। सूर्या ने टीम के सभी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की और कहा कि यह जीत हर खिलाड़ी के लिए बेहद खास है।

सूर्यकुमार यादव ने संजू सैमसन की बल्लेबाजी की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब संजू बल्लेबाजी करने आए तो उन्हें अच्छी तरह पता था कि उन्हें क्या करना है। बीच में विकेट गिरने के बावजूद उन्होंने धैर्य बनाए रखा और टीम की जरूरत के मुताबिक शानदार पारी खेली। सूर्या ने कहा कि पिछले साल संजू ने जो मेहनत की थी, आज उसकी झलक उनकी बल्लेबाजी में साफ दिखाई दी और यह पारी टीम के लिए बहुत खास रही।

सूर्या ने मैच के बाद की एक दिलचस्प बात भी साझा की। उन्होंने बताया कि भारत ने 250 से ज्यादा रन बनाए, फिर भी मुकाबला आखिरी तक गया। इस पर उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक से मजाक में पूछा कि उनके खिलाफ आखिर कितना स्कोर करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी और इंग्लैंड की टीम ने भी शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और अन्य गेंदबाजों ने अहम मौकों पर शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच को भारत की ओर मोड़ दिया।

वहीं इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी मैच के बाद भारत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि ताजा पिच होने के कारण गेंद थोड़ी रुककर आएगी और स्पिनरों को मदद मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने माना कि भारत ने शानदार खेल दिखाया और पूरे टूर्नामेंट में उनकी टीम ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, जिस पर खिलाड़ियों को गर्व होना चाहिए।

ब्रूक ने यह भी स्वीकार किया कि संजू सैमसन का कैच छोड़ना उनकी टीम को भारी पड़ गया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में अक्सर कहा जाता है कि कैच मैच जिताते हैं और दुर्भाग्य से आज मैदान पर चीजें उनके पक्ष में नहीं रहीं। आखिरकार इसी गलती की कीमत टीम को हार के रूप में चुकानी पड़ी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *