crossorigin="anonymous"> पप्पू यादव की गिरफ्तारी को कानून की प्रक्रिया के तहत देखा जाए : जीतन राम मांझी - Sanchar Times

पप्पू यादव की गिरफ्तारी को कानून की प्रक्रिया के तहत देखा जाए : जीतन राम मांझी

Spread the love

ST.News Desk

गयाजी: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बोधगया के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर अधिक टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन यह सच्चाई है कि पप्पू यादव एक छात्रा के साथ हुई बदसलूकी और उसकी नृशंस हत्या जैसे अत्यंत दुखद विषय को पूरी प्रखरता से उठा रहे थे। मांझी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

जीतन राम मांझी ने कहा कि पप्पू यादव ने भावुक होकर इस मुद्दे को उठाया, लेकिन उनकी गिरफ्तारी सीधे उसी प्रकरण में नहीं, बल्कि एक पुराने मामले के आधार पर हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए और सभी को कानूनी दायरे में रहकर ही कार्य करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राज्य के गृह मंत्री सम्राट चौधरी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मामले की हर स्तर पर जांच कराई जा रही है। सामान्य जांच के साथ-साथ एसआईटी, सीआईडी और सीबीआई से भी जांच हो रही है। यदि आगे किसी अन्य एजेंसी की आवश्यकता पड़ी तो उससे भी जांच कराई जाएगी। मांझी ने कहा कि सरकार की मंशा साफ है और जैसे ही ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी को कानून की प्रक्रिया के तहत ही देखा जाना चाहिए।

ट्रेड डील पर क्या बोले जीतन राम मांझी?

ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को देशहित में बताया। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों को इस मुद्दे पर सार्वजनिक बयान न देने का निर्देश दिया था। पीएम ने कूटनीतिक और आर्थिक स्तर पर स्थिति को समझते हुए इंग्लैंड समेत करीब 13 देशों के साथ समझौते किए। इसके बाद यूरोपीय संघ के साथ भारत के व्यापार समझौते से अमेरिका को यह एहसास हुआ कि भारत दबाव में आने वाला देश नहीं है।

मांझी ने कहा कि टैरिफ के बावजूद भारत के निर्यात में कोई गिरावट नहीं आई और न ही महंगाई बढ़ी। इससे स्पष्ट हुआ कि भारत अपनी मजबूत आर्थिक नीतियों के दम पर आगे बढ़ रहा है। इसी कारण अमेरिका को टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत करना पड़ा, जो भारत की आर्थिक स्थिति के लिए बेहतर साबित हुआ।

PM का कोई निजी स्वार्थ नहीं

कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल के आरोपों पर जवाब देते हुए मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री का कोई निजी स्वार्थ नहीं है। न उनका बेटा है, न बेटी। पीएम मानते हैं कि 144 करोड़ देशवासी ही उनका परिवार हैं। उन्होंने कहा कि यह समझौता पूरी तरह देशहित में है, लेकिन विपक्ष इसे अपनी नजर से देखता है, इसलिए उन्हें सच्चाई स्पष्ट नजर नहीं आती।

बजट 2026–27 पर बयान

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देश पर सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में बजट की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम बजट 2026–27 में पिछले वर्ष की तुलना में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि एमएसएमई क्षेत्र का बजट 6.3 प्रतिशत बढ़ाया गया है। एमएसएमई को कृषि के बाद सबसे प्रभावी क्षेत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *