
पीएम 30 मई को बिक्रमगंज में करेंगे जनसभा
सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो संचार टाइम्स

बिक्रमगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दलों ने तैयारियों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सभा में भारी भीड़ सुनिश्चित करने के लिए बीते एक माह से प्रेस वार्ताएं, तिरंगा यात्राएं और जनसंपर्क अभियानों के ज़रिए आम जनता को आमंत्रित किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती इन दिनों बिक्रमगंज अनुमंडल मुख्यालय में केंद्रित है, जिससे जिला मुख्यालय वीरान सा प्रतीत हो रहा है। इसका खामियाज़ा जिले के दूरदराज़ से आने वाले उन नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है जो अपने कार्यों के लिए मुख्यालय का रुख करते हैं।
इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार और प्रशासन को घेरा है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता विजय महतो ने प्रशासन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा, “भीषण गर्मी में आम लोग अपने जरूरी कार्यों के लिए आते हैं, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ता है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन अब सरकार का एजेंट बन गया है।”
महतो ने यह भी कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एक दिन के लिए आएंगे और चले जाएंगे, लेकिन आम जनता को हो रही परेशानियों की जिम्मेदारी किसकी होगी? प्रशासन को अपने मूल कर्तव्यों से भटककर केवल राजनीतिक कार्यक्रमों में नहीं उलझना चाहिए।
बिक्रमगंज में होने वाली प्रधानमंत्री की सभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मंच निर्माण जैसे कार्यों में तेजी देखी जा रही है। प्रशासन की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
