नई दिल्ली में हुई महत्वपूर्ण बैठक में ग्वालियर-चंबल सहित मध्यप्रदेश की कई बड़ी सड़क और कनेक्टिविटी परियोजनाओं को गति देने पर सहमति बनी। एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और फ्लाईओवर जैसी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के बाद जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
अश्विनी तोमर
संचार टाइम्स
नई दिल्ली/ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर मध्यप्रदेश, विशेषकर ग्वालियर-चंबल संभाग में सड़क कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से जुड़ी अहम परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कई लंबित और प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स को लेकर सकारात्मक निर्णय लिए गए और उन्हें जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान ग्वालियर–आगरा एक्सप्रेस-वे (करीब ₹4,822 करोड़) और ग्वालियर वेस्टर्न बायपास (करीब ₹1,347 करोड़) जैसी बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं में प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुका है और अप्रैल से इन्हें तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा ग्वालियर–भिंड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-719) को 4-लेन में विकसित करने की परियोजना को MPRDC से हटाकर NHAI को सौंप दिया गया है। यह निर्णय क्षेत्रीय जनता और साधु-संतों की मांग के बाद लिया गया। अब सड़क परिवहन मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
बैठक में अशोकनगर क्षेत्र के अंतर्गत बांगला चौराहा–मुंगावली–चंदेरी–पिछोर मार्ग पर चंदेरी बायपास (लगभग 10 किमी) को 4-लेन बनाने तथा गुना–अशोकनगर–चंदेरी (SH-54) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही NH-46 पर फतेहगढ़ टोल प्लाजा के पास फ्लाईओवर निर्माण और शिवपुरी शहर में यातायात सुधार के लिए एलिवेटेड रोड, फ्लाईओवर एवं अंडरपास के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई सड़क निर्माण और उन्नयन परियोजनाएं भी बैठक का अहम हिस्सा रहीं। शिवपुरी, अशोकनगर और गुना जिलों में लगभग 45 किमी, 47 किमी और 42 किमी लंबी सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा।
इन सभी परियोजनाओं के लागू होने से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित पूरे मध्यप्रदेश में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा, यात्रा आसान होगी और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी। साथ ही औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
बैठक के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन जनहितकारी परियोजनाओं से प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।

