crossorigin="anonymous"> इजराइल-गाजा संघर्ष में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो - Sanchar Times

इजराइल-गाजा संघर्ष में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो

Spread the love

  • कैलाश सत्यार्थी समेत 29 नोबेल विजेताओं ने कहा


नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी सहित 29 नोबेल पुरस्कार विजेताओं ने इजराइल-हमास संघर्ष में मासूम बच्चों की मौत पर दुख जताते हुए कहा है कि बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।
इन 29 नोबेल पुरस्कार विजेताओं ने एक साझा बयान में यह भी कहा कि इजराइल और गाजा के बच्चे भी ‘हमारे बच्चे’ हैं तथा उन्हें तत्काल सुरक्षा एवं मानवीय सहायता की आवश्यकता है। सत्यार्थी ने यह साझा बयान अपने ‘एक्स’ हैंडल पर साझा किया है। इस साझा बयान पर नोबेल पुरस्कार की सभी छह श्रेणियों के 29 विजेताओं ने हस्ताक्षर किए हैं। इन्होंने यह मांग भी की कि सभी अपहृत बच्चों को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए और बच्चों को युद्धस्थल से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों को पानी, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल और आश्रय से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्हें और दूसरे जरूरतमंद व्यक्तियों को तत्काल मानवीय सहायता पहुंचाई जानी चाहिए। इन नोबेल विजेताओं का कहना है, करुणा सिर्फ एक समूह के बच्चों के लिए ही सीमित नहीं रहनी चाहिए। हमारे दिलों में निश्चित रूप से, दोनों ही पक्ष के बच्चों के लिए एक जैसी पीड़ा है। गाजा पट्टी में रहने वाले 10 लाख बच्चों और इस्रइल में रहने वाले तीस लाख बच्चों के जीवन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए। सत्यार्थी ने कहा, हम सभी से यह याद रखने का अनुरोध करते हैं कि इन युद्धों में बच्चों की रत्ती भर भूमिका नहीं है और वे कहीं से भी मौजूदा हालात के लिए जिम्मेदार नहीं हैं। न्यायसंगत और स्थायी शांति की दिशा में बढने के लिए हमें सभी पीड़ित बच्चों के प्रति करुणा की आवश्यकता है।
सत्यार्थी के साथ इस साझा बयान पर हस्ताक्षर करने वालों में जोस मैनुअल रामोस-होर्टा (1996 नोबेल शांति पुरस्कार विजेता), ऑस्कर एरियस (1987 नोबेल शांति पुरस्कार विजेता), डॉ. स्टीवन चू (भौतिकी में नोबेल पुरस्कार विजेता), डॉ. बैरी बैरिश (2017 भौतिकी का नोबेल), डॉ. जोहान डेसेनहोफर (1988 रसायन विज्ञान का नोबेल), शिरीन इबादी (2003 की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता), डॉ. मोहम्मद अलबरदेई (2005 नोबेल शांति पुरस्कार विजेता) और लेमाह ग्बोवी (2011 की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता) शामिल हैं।


Spread the love