crossorigin="anonymous"> नेपाल के पर्वतीय क्षेत्र में आए भूकंप के कारण 157 की मौत, 160 लोग घायल - Sanchar Times

नेपाल के पर्वतीय क्षेत्र में आए भूकंप के कारण 157 की मौत, 160 लोग घायल

Spread the love

नेपाल में शुक्रवार रात आए 6.4 तीव्रता के भूकंप के कारण देश के सुदूर पर्वतीय क्षेत्र में कम से कम 157 लोगों की मौत हो गई और 160 से अधिक लोग घायल हैं, जबकि सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हो गए। यह नेपाल में 2015 के बाद से सबसे विनाशकारी भूकंप है।
राष्ट्रीय भूकंप अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप शुक्रवार रात 11:47 बजे आया, जिसका केंद्र जाजरकोट जिले में था। यह स्थान राजधानी काठमांडो से करीब 500 किलोमीटर पश्चिम में है। नेपाल में 2015 में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप में लगभग 9000 लोगों की मौत हो गई थी और 22,000 से अधिक लोग घायल हुए थे।
भूकंप के झटके काठमांडो और इसके आसपास और भारत की राजधानी नई दिल्ली एवं उत्तर भारत के के कुछ इलाकों में महसूस किए गए। नेपाल सेना ने भूकंप के तुरंत बाद घटनास्थल पर बचाव कार्य के लिए अपने कर्मियों को लामबंद किया। बचावकर्मी शनिवार को ढह चुके मकानों के मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश करते नजर आए। पश्चिमी नेपाल के जाजरकोट और रुकुम जिले भूकंप से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं।
गृह मंत्रालय के अनुसार, भूकंप से अबतक 157 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 105 लोगों की मौत जाजरकोट में और 52 की मौत रुकुम जिले में हुई है। इन जिलों में 160 से अधिक लोग घायल हुए हैं। भूकंप में मारे गए लोगों में जाजरकोट में नलगढ़ नगर पालिका की उप महापौर सरिता सिंह भी शामिल हैं। मृतकों की संख्या बढने की आशंका है। राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल, प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल ने भूकंप में जान-माल का नुकसान होने पर गहरा दुख प्रकट किया है।


Spread the love