
चेन्नई। भारत ने शनिवार भारत ने दो गोल से पिछड़ने के बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में शानदार वापसी करके शनिवार को यहां मलयेशिया को 4-3 से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीता और हांगझोउ एशियाई खेलों के लिए अपनी तैयारियों का पुख्ता सबूत पेश किया। इससे पहले जापान ने कोरिया को 5-3 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारत तीसरे क्वार्टर के अंतिम मिनट तक 1-3 से पीछे चल रहा था लेकिन इसके बाद उसने आखिरी 16 मिनट में मैच का पासा पलटने में देर नहीं लगाई। भारत ने पहले 30 सेकंड के अंदर दो गोल किए और फिर आखिरी क्वार्टर में निर्णायक बढत हासिल की। भारत का यह चौथा खिताब है और उसने पाकिस्तान (तीन खिताब) को पीछे छोड़ा। भारत के लिए जुगराज सिंह (नौवें मिनट), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (45वें), गुरजंत सिंह (45वें) और आकाशदीप सिंह (56वें) ने जबकि मलेशिया की तरफ से अबू कमाल अजराई (14वें), रहीम राजी (18वें) और मोहम्मद अमीनुदीन (28वें) ने गोल किए। मलेशिया ने खेल शुरू होते हैं दबाव बनाने की रणनीति अपनाई तथा उसके स्टार खिलाड़ी अजराई ने पहले मिनट में ही भारतीय गोल में सेंध लगाने की नाकाम कोशिश की। भारतीय टीम ने हालांकि जल्द ही अपनी लय पकड़ी और आठवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे जुगराज ने ताकतवर ड्रैग फ्लिक से गोल में बदला। कप्तान हरमनप्रीत सिंह उस समय मैदान में नहीं थे लेकिन जुगराज ने उनकी कमी नहीं खलने दी। मलयेशिया ने हालांकि भारत की बढत ज्यादा देर तक नहीं रहने दी। अजुआन हसन ने सर्किल के बाहर गेंद पर नियंतण्रबनाया और उसे गोलमुख के पास खड़े अजराई तक पहुंचाया जिन्होंने गोल करने में कोई देरी नहीं लगाई। भारत ने पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए लेकिन हार्दिक सिंह के खराब प्रयास से वह उनका फायदा नहीं उठा पाया। मलयेशिया ने दूसरे क्वार्टर में अच्छी शुरुआत की तथा उसके जवाबी हमले के सामने भारत अपनी लय खो बैठा। मलेशिया ने जल्द ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। भारत ने रेफरी के इस फैसले पर अपना एक रेफरल भी गंवाया। (भाषा)

