
जयपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि चंद्रयान की लॉन्चिंग और लैंडिंग तो सफलतापूर्वक हो गई, लेकिन राहुलयान की 20 साल से न तो लॉन्चिंग हो पाई है न ही लैंडिंग हो पाई है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान भ्रष्टाचार के मामले में नंबर एक पर है। राजस्थान में पेपर लीक हो रहे हैं। सीएम गहलोत जिस गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं उसका क्लच और एक्सेलरेटर कोई और दबा रहा है।
राजनाथ सोमवार को राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल रामदेवरा में भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले सभा को संबोधित कर रहे थे। यह यात्रा जोधपुर संभाग में 20 दिन में 51 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए 28 दल एक साथ आए हैं। इस गठबंधन के हालात ऐसे हैं कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। इन्हीं के गठबंधन के लोग सनातन धर्म को चोट पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस चुप है। राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी इस पर क्यों कुछ नहीं बोल रहे हैं। सनातन धर्म का न कोई जन्म है, न अंत है।
राजस्थान की गहलोत सरकार पर बरसते हुए राजनाथ ने कहा कि प्रदेश में 56 महीने में 10 लाख मुकदमे हुए हैं। 7650 निदरेष लोगों की हत्या राजस्थान में हुई है। राजस्थान जैसे हालात कहीं नहीं हैं। दो लाख में से 31 हजार मामले दुष्कर्म के हैं। छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया गया है। जोधपुर में पूरे परिवार की हत्या हुई है। उदयपुर में जो हुआ, वो भी सभी को याद है। यह यात्रा परिवर्तन का शंखनाद है। कांग्रेस और भाजपा के शासन का लोग खुद आकलन करें कि पहले क्या माहौल था और अब क्या माहौल है।

