
हैदर अली
रोहतास ब्यूरो (संचारटाइम्स.न्यूज)

सासाराम के चितौली गांव में आयोजित एक दंगल प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने की ताकत सिर्फ कांग्रेस में है। पप्पू यादव ने यह भी कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और नॉर्थ ईस्ट तक भाजपा को टक्कर दे सकती है।
सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कुछ राज्यों में नफरत फैलाकर सत्ता हासिल की है, लेकिन कांग्रेस को अलग कर देश की सुरक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने भाजपा के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज जो भी भाजपा के साथ गया, वह राजनीतिक रूप से खत्म हो गया। पप्पू यादव ने उदाहरण के तौर पर नवीन पटनायक, रेड्डी, शिंदे और महबूबा का नाम लिया, जिनकी राजनीतिक स्थिति अब कमजोर हो चुकी है।
पप्पू यादव ने नीतीश कुमार के संदर्भ में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी यह स्पष्ट नहीं किया कि वे नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार चुनाव लड़ेंगे या नहीं। पप्पू यादव ने यह सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति के साथ मोदी का रिश्ते अच्छे नहीं हैं, उसे ‘लाडला’ कहने का क्या मतलब है। पप्पू यादव ने नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने बाला साहब आडवाणी का पैर छूने का उदाहरण दिया था।
सासाराम में दंगल प्रतियोगिता का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे पप्पू यादव ने इन सभी मुद्दों पर बात की और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
