
सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो संचार टाइम्स

आज सासाराम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संगठनात्मक चुनाव को लेकर एकदिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जहानाबाद के विधायक तथा रोहतास जिले के पार्टी निर्वाचन पदाधिकारी कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव ने शिरकत की।

बैठक के दौरान सुदय यादव ने रोहतास जिले में पार्टी के जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ गहन चर्चा की और उनकी राय जानी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल में पूरी तरह से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत पदाधिकारियों का चयन किया जाता है।

सुदय यादव ने जानकारी दी कि जिले के सभी 19 प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्षों का चुनाव संपन्न हो चुका है और अब जिला स्तरीय पदाधिकारी, खासकर जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। आज की बैठक में कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर प्रदेश नेतृत्व को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके बाद जल्द ही जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
बैठक में राजद कार्यकर्ताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई।
