
सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो संचार टाइम्स

रोहतास जिले के सासाराम अनुमंडल में रविवार को बिहार सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शिवसागर प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम का आयोजन चेनारी से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम की पहल पर किया गया था।

प्रतिमा अनावरण के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने संत शिरोमणि रविदास सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद बार-बार बाबा साहब का अपमान करते रहे हैं — न केवल उनके जीवनकाल में, बल्कि आज भी। उन्होंने कहा, “जहां एक ओर हम बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजद और कांग्रेस के लोग उन्हें अपमानित कर रहे हैं।”
इसी कार्यक्रम में बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के निधन के बाद कांग्रेस ने उन्हें दिल्ली में दो गज जमीन तक नहीं दी, और जब उनके शव को मुंबई ले जाया गया, तो तीन दिन बाद उनकी पत्नी से हवाई यात्रा का किराया तक वसूल लिया गया। उन्होंने कहा, “आज कांग्रेस संविधान की दुहाई दे रही है, जबकि वही पार्टी बार-बार संविधान और उसके निर्माता का अपमान करती रही है।”
इस अवसर पर बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान भी मंच पर मौजूद थे।
