crossorigin="anonymous"> 2 करोड़ और MLC सीट का ऑफर: सासाराम चुनाव में हड़कंप, BSP प्रत्याशी अशोक सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा पर लगाए गंभीर आरोप - Sanchar Times

2 करोड़ और MLC सीट का ऑफर: सासाराम चुनाव में हड़कंप, BSP प्रत्याशी अशोक सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा पर लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

हैदर अली. संचार टाइम्स ब्यूरो रोहतास

रोहतास से बड़ी खबर सामने आई है। सासाराम विधानसभा चुनाव के बीच पूर्व विधायक अशोक सिंह ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाया है। अशोक सिंह का दावा है कि उपेंद्र कुशवाहा ने अपने व्यक्ति के माध्यम से उन्हें 2 करोड़ रुपये और एक एमएलसी सीट का ऑफर देकर नामांकन वापस लेने की बात कही।

मंगलवार सुबह करीब 11 बजे का समय था जब पूर्व विधायक अशोक सिंह अपने होटल में बैठे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसकी पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है, उनसे मिलने पहुंचा। राजेश कुमार ने कहा कि “उपेंद्र कुशवाहा जी आपसे बात करना चाहते हैं और उन्होंने आपको 2 करोड़ रुपये और एक एमएलसी सीट देने की पेशकश की है, अगर आप सासाराम विधानसभा से नामांकन वापस ले लेते हैं।”

यह सुनते ही पूर्व विधायक अशोक सिंह भड़क उठे। उन्होंने तुरंत उस व्यक्ति को होटल से धक्का देकर बाहर निकाल दिया और इसकी जानकारी मीडिया को दी।

अशोक सिंह ने कहा, “उपेंद्र कुशवाहा को डर है कि उनकी पत्नी स्नेह लता चुनाव हार जाएंगी, इसलिए वे पैसे और पद का लालच देकर नामांकन वापस करने के लिए दबाव बना रहे हैं। लेकिन मैं किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “सासाराम की जनता सब जानती है। कुशवाहा की पत्नी चुनाव में चौथे नंबर पर रहेंगी।”

गौरतलब है कि अशोक सिंह पहले जदयू से विधायक रह चुके हैं और फिलहाल बहुजन समाज पार्टी (BSP) से सासाराम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता कुशवाहा अपनी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा से मैदान में हैं। दोनों ही कुशवाहा समाज से आते हैं, जिससे इस सीट पर कुशवाहा मतदाताओं का समीकरण काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उपेंद्र कुशवाहा को डर है कि एक ही समाज से आने वाले दो उम्मीदवारों की मौजूदगी से वोट बंट सकता है, जिससे उनकी पत्नी को नुकसान हो सकता है।

इस सीट पर मुकाबला अब त्रिकोणीय हो गया है एक ओर BSP के अशोक सिंह, दूसरी ओर राष्ट्रीय लोक मोर्चा की स्नेह लता कुशवाहा, और तीसरी ओर राजद प्रत्याशी सत्येंद्र शाह। हालांकि, सत्येंद्र शाह की गिरफ्तारी झारखंड के एक पुराने डकैती मामले में हो चुकी है और वे फिलहाल जेल में हैं, जिससे चुनावी माहौल और भी दिलचस्प बन गया है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राजेश कुमार नामक व्यक्ति होटल में दाखिल होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की पुष्टि अब तक न तो प्रशासन और न ही पुलिस की ओर से की गई है। सासाराम में इस आरोप के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं कि आखिर इस “2 करोड़ और MLC ऑफर” वाले मामले में सच्चाई क्या है।

अब देखना यह होगा कि इस सनसनीखेज आरोप पर उपेंद्र कुशवाहा की क्या प्रतिक्रिया आती है और प्रशासन इस मामले की जांच कितनी गंभीरता से करता है। सासाराम का चुनाव अब सिर्फ एक राजनीतिक जंग नहीं, बल्कि “इमानदारी बनाम खरीद-फरोख्त” की लड़ाई बन चुका है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *