
ST.News Desk
सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित अंतर-विभागीय यूनिटी कप क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन सफलतापूर्वक हुआ। इस आयोजन में प्रतिस्पर्धी भावना, सौहार्द और खेल भावना से परिपूर्ण वातावरण के बीच प्रमुख सरकारी संगठनों की टीमें एक मंच पर एकत्रित हुईं।

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, दिल्ली विकास प्राधिकरण, हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (हडको), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) तथा एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड की टीमों ने टूर्नामेंट में भाग लेते हुए उत्कृष्ट टीम वर्क और उत्साह का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर श्री श्रीनिवास कटिकिथला, सचिव, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय; श्री संजीत, संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार; श्री संजय कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, हडको; तथा श्री के.पी. महादेवास्वामी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनबीसीसी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
टूर्नामेंट विभिन्न मुकाबलों से आगे बढ़ते हुए एक रोमांचक फाइनल मैच में जाकर संपन्न हुआ, जिसमें शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ, जहां भागीदारी और उत्कृष्टता की भावना चरम पर रही।
समावेशिता और संतुलित प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष प्रारूप में खेले गए इस टूर्नामेंट का खिताब आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने जीता, जबकि एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड उप-विजेता रहा।
यह आयोजन न केवल स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच बना, बल्कि सहभागी संगठनों के बीच अंतर-विभागीय संबंधों को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुआ। टूर्नामेंट का सफल समापन सभी प्रतिभागी टीमों के सामूहिक उत्साह और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रमाण है।

