देश के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर भरवाने के लिए गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बढ़ती मांग और अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच लोगों में सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है, हालांकि सरकार ने साफ किया है कि देश में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह की कमी नहीं है।
ST.News Desk
देशभर में एलपीजी की बढ़ती किल्लत ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली, मुंबई, भोपाल, हैदराबाद, लखनऊ और अहमदाबाद समेत कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई जगहों पर लोग घंटों इंतजार कर अपने घरेलू गैस सिलेंडर भरवाने की कोशिश करते नजर आए।
दरअसल, मौजूदा हालात केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं हैं। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय तेल व गैस बाजार में बनी अनिश्चितता का असर भारत सहित कई देशों के उपभोक्ताओं की चिंताओं में दिखाई दे रहा है। ऐसे माहौल में लोगों के मन में गैस सप्लाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि केंद्र सरकार ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि भारत में ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। अधिकारियों के मुताबिक देश में तेल और गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है और किसी भी तरह का आपूर्ति संकट नहीं है।
छोटे कारोबारियों पर बढ़ा असर
एलपीजी की कमी का असर छोटे कारोबारियों और सड़क किनारे दुकान चलाने वाले वेंडरों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद में कई टी स्टॉल, समोसा और पोहा बेचने वाले दुकानदारों ने बताया कि गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत और लागत बढ़ने की वजह से उन्हें कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। कई छोटे कारोबारियों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो उनका व्यापार प्रभावित हो सकता है।
PNG और CNG की सप्लाई जारी

इस बीच Indraprastha Gas Limited (IGL) ने भी उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया है कि घरों के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और वाहनों के लिए कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की सप्लाई लगातार जारी है। कंपनी ने कहा कि ग्राहकों की ऊर्जा जरूरतें पूरी करना उनकी प्राथमिकता है और सेवा में किसी तरह की रुकावट नहीं आने दी जाएगी।
कुल मिलाकर सरकार और ऊर्जा कंपनियों का कहना है कि मौजूदा हालात को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश में ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है।

