ईरान-इजरायल युद्ध के बीच LPG संकट गहराया, संचार टाइम्स संवाददाता ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की
ईरान-इजरायल युद्ध के असर के बीच उत्तर प्रदेश में रसोई गैस की किल्लत देखने को मिल रही है। प्रतापगढ़ जिले के तेजगढ़ स्थित भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गई हैं। गैस बुकिंग और डिलीवरी में देरी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
SanchaTimes.News
उतार प्रदेश : ईरान-इजरायल युद्ध के बीच देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ने लगी है और इसका असर अब उत्तर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
प्रतापगढ़ जिले के तेजगढ़ स्थित भारत गैस एजेंसी पर भी यही स्थिति देखने को मिली। यहां सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है।
संचार टाइम्स संवाददाता ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की अनिश्चित आपूर्ति के कारण कई परिवार अब इंडक्शन चूल्हे और माइक्रोवेव जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर इनकी मांग भी बढ़ती बताई जा रही है।

इस बीच राज्य सरकार ने स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कथित किल्लत की अफवाह फैलाकर जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कई शहरों से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

