उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पत्नी से छुटकारा मिलने की खुशी में देवी मां के दरबार तक 9 किलोमीटर दंडवत यात्रा की। इस अनोखी आस्था और संकल्प का वीडियो भी सामने आया है
ST.News Desk
बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां जोगेश नामक युवक ने अपनी पत्नी से परेशान होकर देवी मां से मन्नत मांगी थी कि अगर उसे इस रिश्ते से मुक्ति मिल जाती है, तो वह दंडवत करते हुए मंदिर तक पहुंचेगा।
जानकारी के अनुसार, जोगेश की शादी वर्ष 2022 में हुई थी, लेकिन वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद के चलते वर्ष 2026 में उसका तलाक हो गया। इसके बाद उसने अपनी मन्नत पूरी करने का निर्णय लिया और घर से भानपुर स्थित मां बैडवा माता के मंदिर तक दंडवत यात्रा शुरू की।
युवक ने बताया कि उसने देवी मां से प्रार्थना की थी कि यदि उसे पत्नी से छुटकारा मिल जाता है, तो वह 9 किलोमीटर की दूरी दंडवत करते हुए तय करेगा। मन्नत पूरी होने के बाद उसने अपने संकल्प को निभाया।
इस यात्रा के लिए युवक ने प्रशासन से विधिवत अनुमति ली थी। एसडीएम से सड़क मार्ग पर दंडवत यात्रा की इजाजत मिलने के बाद सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया, जो पूरी यात्रा के दौरान उसके साथ रहे।
शनिवार सुबह युवक ने बिना अन्न और जल ग्रहण किए अपनी यात्रा शुरू की। करीब 9 किलोमीटर की दूरी को उसने लगभग 12 घंटे में दंडवत करते हुए पूरा किया। यह यात्रा शारीरिक रूप से बेहद कठिन मानी जाती है, लेकिन उसने अपनी आस्था और संकल्प के बल पर इसे पूरा किया।
यात्रा के दौरान उसके परिवार के सदस्य और गांव के कई लोग भी साथ चलते रहे और देवी मां के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
शाम करीब 6 बजे वह भानपुर स्थित मंदिर पहुंचा, जहां उसने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया और माता का आशीर्वाद लिया।
इस अनोखी घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

