राम मंदिर ट्रस्ट के CEO बने रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी के लिए चुना जाना उनके लिए सौभाग्य और भगवान राम का आशीर्वाद है.
जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि भारतीय वायु सेना में 43 साल तक देश की सेवा करने के बाद अब उन्हें श्रीराम मंदिर और राम भक्तों की सेवा करने का अवसर मिला है. इसके लिए उन्होंने चयन समिति, श्रीराम मंदिर ट्रस्ट और भगवान राम का आभार जताया.
उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी चयन समिति ही बेहतर तरीके से दे सकती है. प्रक्रिया और टाइमलाइन पहले ही इंटरनेट और मीडिया के जरिए सार्वजनिक की गई थी.
रिटायर्ड एयर मार्शल ने कहा कि अब उनका ध्यान बीते समय के बजाय आने वाले समय और बेहतर काम पर रहेगा. उन्होंने भगवान राम से प्रार्थना की कि उन्हें इस जिम्मेदारी को सही तरीके से निभाने की शक्ति मिले.
जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि CEO के रूप में वह अपनी टीम के साथ मिलकर राम मंदिर के लिए उत्तम से उत्तम कार्य करने की कोशिश करेंगे. उनका उद्देश्य मंदिर और श्रद्धालुओं की सेवा को बेहतर बनाना होगा.

