कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बातचीत की। अबू धाबी के अस्पताल में इलाज करा रहे कैप्टन स्मित से पीएम मोदी ने उनकी सेहत का हाल पूछा और उनके साहस, धैर्य तथा सूझबूझ की सराहना की। बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक भी हो गए।
कैप्टन स्मित से पीएम मोदी ने पूछा हालचाल
प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित से बातचीत की शुरुआत उनकी तबीयत पूछकर की। पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने संकट की घड़ी में कैप्टन स्मित द्वारा लिए गए फैसलों और यात्रियों की जान बचाने के प्रयास की सराहना की।
https://twitter.com/narendramodi/status/2105931116058411146/video/1
पीएम मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि देश को उनके साहस पर गर्व है।
कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी को बताया उस वक्त क्या हुआ
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी को घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह 17 साल से विमान उड़ा रहे हैं और 11 साल से कैप्टन हैं। हमले के बाद जब उन्हें महसूस हुआ कि विमान नीचे जा रहा है, तो उन्होंने अपनी बची हुई ताकत से कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की।
कैप्टन स्मित ने बताया कि उस समय उनका ध्यान अपनी जान के साथ-साथ विमान में मौजूद यात्रियों की जान बचाने पर था। उन्होंने कहा कि वह ऐसी स्थिति में नहीं चाहते थे कि दूसरे लोगों की जान जाए।
कैप्टन स्मित ने बताया, संकट में हनुमान चालीसा का लिया सहारा
कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी को बताया कि मुश्किल समय में उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्लेख करते हुए उनके माता-पिता और परिवार की भी सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि उनके परिवार ने भी इस मुश्किल समय में धैर्य और भरोसा बनाए रखा।
पीएम मोदी बोले- मैं एक फोन कॉल की दूरी पर हूं
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित को भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ हैं। पीएम मोदी ने उनसे जल्द स्वस्थ होने और भारत लौटने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि ठीक होने के बाद दोनों की मुलाकात होगी और वह घटना की पूरी जानकारी उनसे सुनेंगे।
कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना सबसे बड़ा आदर्श बताया और कहा कि पीएम का फोन आना उनके लिए गर्व का पल है। बातचीत के दौरान वह भावुक भी हो गए।
क्या हुआ था फ्लाईदुबई की उड़ान में?
फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कैप्टन स्मित मच्छार पर सह-पायलट द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद चालक दल और यात्रियों ने हमलावर को काबू करने में भूमिका निभाई। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। विमान में 174 लोग सवार थे।























