गाजियाबाद के शास्त्रीनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय के पास एक मकान के बाहर कूड़े के ढेर पर बोरे में मानव खोपड़ी मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:50 बजे शास्त्रीनगर के जे-ब्लॉक में मकान नंबर 61 के सामने कूड़े के ढेर पर एक कट्टा पड़ा मिला। उसके ऊपर मानव खोपड़ी दिखाई दी। सूचना मिलने के बाद कविनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया।
फॉरेंसिक जांच से होगी पहचान
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मानव कंकाल किसका है और उसे वहां कौन छोड़कर गया। एसीपी कविनगर अभय डागा के अनुसार, कंकाल महिला का है या पुरुष का, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद होगी। मामले की जांच जारी है।






















