
ST.News Desk

उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस क्षेत्र के मजनू का टीला इलाके में एक महिला के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने महिला को अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके बाद बेरहमी से पिटाई की। वारदात के बाद आरोपी ने महिला को अर्धनग्न अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने महिला को गंभीर हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी। उसे तुरंत नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला को गहरी चोटें आई हैं और उसके चेहरे पर गंभीर घाव हैं, जिनके कारण दृष्टि प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
22 नवंबर को घर ले गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कन्नू (36) के रूप में हुई है, जो ई-रिक्शा चालक है। जांच में सामने आया कि वह 22 नवंबर को महिला को अपने घर ले गया था, जहां वारदात को अंजाम दिया गया। इसके बाद उसने उसे एन-ब्लॉक, मजनू का टीला स्थित झुग्गी बस्ती के पास सड़क किनारे छोड़ दिया।
महिला कई घंटे तक सड़क पर पड़ी रही
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला कई घंटे तक सड़क किनारे बेसुध पड़ी रही। एक स्थानीय महिला ने उसे देखकर अपनी बहन को बुलाया और फिर पुलिस को सूचना दी। पास में रहने वाले एक युवक ने महिला को कपड़ा भी ओढ़ाया।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया आरोपी
मजनू का टीला चौकी प्रभारी नवीन सिद्धू और उनकी टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी महिला के साथ नजर आया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकारते हुए दावा किया कि महिला के साथ उसकी बहस हुई थी और इसी वजह से उसने हमला किया। उसके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
महिला के बयान के बाद आगे बढ़ेगी जांच
पीड़िता के बयान अभी नहीं हो पाए हैं। पुलिस का कहना है कि बयान दर्ज होने के बाद घटनाक्रम की सटीक जानकारी सामने आएगी।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बंठिया ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

