
ST.News Desk : राम की नगरी अयोध्या एक बार फिर दीपों की रोशनी से नहा उठी। अवसर था दीपोत्सव 2025 का, जो इस बार और भी भव्य, ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ रहा। इस आयोजन ने न सिर्फ देश बल्कि पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर दीपों की आभा ऐसी बिखरी कि हर कोना स्वर्णिम आभा में नहा गया।

इस वर्ष अयोध्या में 29 लाख दीपों से दीपोत्सव मनाया गया, जो एक नया विश्व कीर्तिमान बना। इसमें से 26.11 लाख दीपक केवल राम की पैड़ी के घाटों पर जलाए गए, जिसकी पुष्टि ड्रोन द्वारा दीप गणना के बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों स्वप्निल दंगारीकर और निश्चल बरोट ने की। यह लगातार नौवीं बार है जब अयोध्या ने दीपों की संख्या में विश्व रिकॉर्ड रचते हुए अपना नाम इतिहास में दर्ज कराया।

दूसरा विश्व रिकॉर्ड: सरयू आरती
दीपोत्सव के दौरान एक और ऐतिहासिक क्षण सामने आया, जब 2100 वेदाचार्यों ने एक साथ सरयू आरती में भाग लिया। यह भी एक विश्व स्तरीय अनूठा रिकॉर्ड रहा, जिसे योगी सरकार ने दूसरी बार दोहराया है।
मुख्य अतिथि और आयोजन की भव्यता
इस अविस्मरणीय आयोजन के साक्षी बने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भाजपा के अन्य मंत्रीगण एवं पार्टी पदाधिकारी। आयोजन के दौरान राम की पैड़ी पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा, जिसमें रामायण के प्रसंगों को भव्य नाट्य रूप में प्रस्तुत किया गया।
दीपोत्सव के माध्यम से अयोध्या न केवल आध्यात्मिक केंद्र के रूप में बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवा रही है।
इस भव्य दीपोत्सव ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब अयोध्या अपने गौरवशाली अतीत के साथ चमकदार वर्तमान की ओर अग्रसर है। पूरी दुनिया ने इस ऐतिहासिक दृश्य को देखा और इसे अपने मानस पटल पर सदा के लिए संजो लिया।
