crossorigin="anonymous"> BJP ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई CM के रूप में चुना - Sanchar Times

BJP ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई CM के रूप में चुना

Spread the love

20 फरवरी को रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी

ST.News Desk : दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री आखिरकार तय हो गया। बीजेपी ने तमाम संभावनाओं को पीछे छोड़ते हुए रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में नामित किया है। यह घोषणा विधायक दल की बैठक में की गई, जहां रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना गया। उन्होंने शालीमार बाग से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को हराकर महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी।

रेखा गुप्ता, जो वर्तमान में दिल्ली बीजेपी की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, 50 वर्ष की हैं। उनका जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था। रेखा गुप्ता ने 2007-09 तक एमसीडी में महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और बाद में दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की महासचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाली। 2010 में उन्हें बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी शामिल किया गया था।

रेखा गुप्ता को 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में शालीमार बाग से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने वंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराकर सीट पर कब्जा जमाया।

दिल्ली में रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने की खबर के बाद, ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 20 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक, इस भव्य समारोह में लगभग 50,000 लोग शामिल होंगे। शपथ ग्रहण के बाद, दिल्ली के इंपीरियल होटल में एनडीए नेताओं के लिए विशेष लंच का आयोजन किया जाएगा।

इस समारोह में कई प्रमुख नेताओं की उपस्थिति की उम्मीद है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा, कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों के भी इस कार्यक्रम में शिरकत करने की उम्मीद है।

साथ ही, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी को भी शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।


Spread the love