
इस उद्देश्य से 30 जनवरी 2026 को दोनों संस्थाओं के बीच पूरक समझौता ज्ञापन (Supplementary MoU) पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।
ST.News Desk

नई दिल्ली : दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने द्वारका सेक्टर-20 स्थित भारत वंदना पार्क के विकास और संचालन को लेकर अपनी रणनीतिक साझेदारी का विस्तार किया है। इस उद्देश्य से 30 जनवरी 2026 को दोनों संस्थाओं के बीच पूरक समझौता ज्ञापन (Supplementary MoU) पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।
इस पूरक करार के तहत एनबीसीसी, भारत वंदना पार्क परियोजना के लिए परियोजना प्रबंधन सलाहकार (PMC) के रूप में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। इसके साथ ही विस्तारित समझौते में एनबीसीसी को अंतरिम प्रचालन एवं अनुरक्षण (O&M) की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
एनबीसीसी एक समर्पित O&M एजेंसी के चयन और ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया को भी अंजाम देगा, ताकि पार्क के चरणबद्ध उद्घाटन के दौरान आम जनता के लिए निर्बाध और प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। एजेंसी के ऑनबोर्ड होने के बाद एनबीसीसी प्रारंभिक दो वर्षों तक व्यापक कार्यान्वयन सहायता प्रदान करेगा, जिसमें एक वर्ष की दोष दायित्व अवधि (Defect Liability Period) भी शामिल होगी। इससे पार्क की परिसंपत्तियों की गुणवत्ता, सुरक्षा और दीर्घकालिक संधारणीयता सुनिश्चित की जाएगी।
पूरक समझौता ज्ञापन उन्नत आगंतुक सुविधाओं, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी प्रचालन प्रबंधन के साथ एक उत्कृष्ट शहरी हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए DDA और NBCC के साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह सहयोग शेष विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने और सार्वजनिक अवसंरचना के उच्च मानकों को बनाए रखने की संस्थागत प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
भारत वंदना पार्क को एक अद्वितीय मनोरंजन और सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए नागरिकों और पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करेगा। DDA और NBCC के बीच नवीकृत साझेदारी इस परिकल्पना को साकार करने और पार्क के दीर्घकालिक संचालन उत्कृष्टता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

