crossorigin="anonymous"> सासाराम में भीषण सड़क हादसा : तमिलनाडु के तीर्थ यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 1 की मौत, 22 घायल - Sanchar Times

सासाराम में भीषण सड़क हादसा : तमिलनाडु के तीर्थ यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 1 की मौत, 22 घायल

Spread the love

बिहार के सासाराम से बड़ी खबर सामने आई है। डेहरी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमुहार में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर तमिलनाडु के तीर्थ यात्रियों को ले जा रही बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए हैं।

हैदर अली
रोहतास ब्यूरो, संचार टाइम्स

घटना डेहरी थाना क्षेत्र के जमुहार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की है, जहां तमिलनाडु के तीर्थ यात्रियों को लेकर जा रही एक यात्री बस की समानांतर चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बस और ट्रक करीब दो किलोमीटर तक एक-दूसरे से घसीटते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में 80 वर्षीय रामो नामक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वे तमिलनाडु के कांचीपुरम के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं 9 महिलाएं और एक बच्चा सहित कुल 22 यात्री घायल हो गए हैं। सभी यात्री तमिलनाडु के आलमपुर के अडंबा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और गायत्री परिवार से जुड़े हुए हैं।

बताया जाता है कि सभी तीर्थयात्री पहले हवाई जहाज से वाराणसी पहुंचे थे और वहां से बस द्वारा गया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

घायलों को तत्काल इलाज के लिए जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं मृतक रामो के शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *