ST.News Desk
प्रयागराज में शनिवार को पौष पूर्णिमा के पावन स्नान के साथ माघ मेले की औपचारिक शुरुआत हो रही है। पौष पूर्णिमा के अवसर पर संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। स्नान के लिए संगम क्षेत्र और आसपास कुल 10 स्नान घाट बनाए गए हैं।
इस बार माघ मेले की खास बात यह है कि श्रद्धालुओं को अधिक पैदल चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करने के बाद श्रद्धालु घाट तक रैपिडो जैसी सुविधाओं के जरिए आसानी से पहुंच सकेंगे।
25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान
मेला प्रशासन के अनुसार पौष पूर्णिमा के स्नान के लिए करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है। प्रयागराज मंडल की कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि किसी को किसी तरह की परेशानी न हो।
पौष पूर्णिमा का स्नान भोर से ही शुरू हो जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
माघ मेले के दौरान कुल 9 पांटून पुल बनाए गए हैं, जिनके दोनों सिरों पर पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके अलावा मेला क्षेत्र के सभी एंट्री पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं।
CCTV और AI से निगरानी
पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे माघ मेले को सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में थाना प्रभारी व ACP की तैनाती की गई है। पूरा मेला क्षेत्र AI सुविधा से लैस CCTV कैमरों की निगरानी में है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात को देखते हुए शहर में कई रूट डायवर्जन प्लान लागू किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालु प्रयागराज से एक सुखद और सुरक्षित अनुभव लेकर लौटें।

