
ST.News Desk : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मिजोरम दौरे से पहले राज्य में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी।

शाह शनिवार को मिजोरम का एक दिवसीय दौरा करेंगे, जहां वह आइजोल के मध्य से असम राइफल्स के प्रतिष्ठानों को राज्य की राजधानी से 15 किलोमीटर दूर जोखावसांग में स्थानांतरित करने के लिए आयोजित समारोह में भाग लेंगे।
डीजीपी शुक्ला ने कहा कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा बलों को कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी गई है। प्रमुख मार्गों और स्थानों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस के अलावा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है।
शाह का आगमन शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे लेंगपुई हवाई अड्डे पर होने की उम्मीद है। इसके बाद, वह दोपहर 3 बजे खटला क्षेत्र में असम राइफल्स के प्रतिष्ठानों को जोखावसांग में स्थानांतरित करने के समारोह में भाग लेंगे।
