ST.News Desk
दिल्ली स्थित तुर्कमान गेट के पास अवैध कब्जों को हटाने पहुंची एमसीडी की टीम पर हुई पत्थरबाजी के मामले में उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने देर रात मौके पर पहुंचकर लोगों को भड़काया। दिल्ली पुलिस इस मामले में उनसे पूछताछ करेगी। नदवी संसद परिसर के पास स्थित एक मस्जिद के इमाम भी हैं।
इस घटना को लेकर भाजपा नेता और प्रवक्ता नवीन कोहली ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई अदालत के आदेश के तहत की जा रही थी और स्थानीय समाज से पहले ही बातचीत हो चुकी थी। इसके बावजूद सपा के सांसद का वहां जाना और धर्म को बीच में लाकर माहौल बिगाड़ना गंभीर सवाल खड़े करता है। कोहली ने कहा कि पत्थरबाजी की घटना पर समाजवादी पार्टी को जवाब देना चाहिए और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सपा को खुलकर कहना चाहिए कि दिल्ली पुलिस कानून के तहत कार्रवाई करे।
नवीन कोहली ने सवाल उठाया कि रात डेढ़ बजे कोई व्यक्ति अपने घर से तुर्कमान गेट क्यों जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद की मौजूदगी के कारण ही स्थिति नाजुक बनी और क्या इसके पीछे कोई षड्यंत्र रचा जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति गलत है, जिसमें लोगों को उकसाकर और भड़काऊ बयानबाजी कर माहौल खराब किया जाता है। कोहली ने यह भी कहा कि राजनीति के लिए लोगों की जान से खेलना स्वीकार्य नहीं है और ऐसे ही लोग उमर खालिद और शरजील इमाम जैसे मामलों को नजरअंदाज करते हैं।
तुर्कमान गेट के पास हुई पत्थरबाजी के मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सात विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अब तक कम से कम 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आदिल कासिफ, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद अरीब, उजैफ और आजिम इरफान पर पत्थर चलाने के आरोप हैं।
इसके अलावा, पुलिस ने उन लोगों की भी पहचान की है जिन्होंने वीडियो और संदेश वायरल किए। आरोप है कि अदनान और समीर ने व्हाट्सऐप के जरिए वीडियो और ऑडियो नोट्स फैलाए। दिल्ली पुलिस के अधिकारी मधुर वर्मा ने बताया कि इस घटना में करीब 100 से 150 पत्थरबाज शामिल थे।

