
स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में हुआ आयोजन
सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो

जिला मुख्यालय सासाराम स्थित न्यू स्टेडियम फजलगंज में शेरशाह महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करना रहा।
महोत्सव का उद्घाटन पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह, मेयर काजल कुमारी, डिप्टी मेयर सत्यवंती देवी तथा डीएम उदिता सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियाँ दीं। भक्ति गीतों से लेकर फिल्मी धुनों तक, हर प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। सुरों की इस रंगीन शाम में दर्शक दीर्घा तालियों की गूंज और नृत्य की थाप से गूंजती रही। महिला कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह ने जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख किया और जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए ठोस योजनाएँ तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने मंच से घोषणा की कि रोहतास को पर्यटन के मानचित्र पर अग्रणी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, जिस पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
