मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा ने किया सुगम रेल परिचालन हेतु विशेष वेबसाइट का ऑनलाइन शुभारंभ
ST.News Desk
New Delhi : पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दिनांक 05 जनवरी 2026 को एक विशेष वर्चुअल लर्निंग एवं रोड रिसोर्स वेबसाइट का ऑनलाइन विमोचन किया गया। इस वेबसाइट का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक, धनबाद श्री अखिलेश मिश्रा द्वारा किया गया।

यह वेबसाइट धनबाद मंडल के अंतर्गत विभिन्न रेल सेक्शनों की रोड लर्निंग जानकारी, सिग्नल लोकेशन, क्रिटिकल लोकेशंस तथा अन्य आवश्यक तकनीकी सूचनाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराती है। इसका उद्देश्य लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट को ड्यूटी से पूर्व मार्ग की भौगोलिक एवं तकनीकी स्थितियों की समुचित जानकारी देना है, जिससे परिचालन की सुरक्षा एवं दक्षता में वृद्धि हो सके।

इस महत्त्वपूर्ण वेबसाइट का निर्माण एवं संरक्षण श्री रजत कुमार सिंह, वरीय मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन), धनबाद के मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों से किया गया है। यह प्लेटफॉर्म लोको पायलटों के लिए एक प्रभावी वर्चुअल लर्निंग टूल के रूप में विकसित किया गया है।
वेबसाइट में वर्चुअल एलआर रिसोर्स, क्रिटिकल लोकेशंस, आगामी रेल रूट की स्थितियों की जानकारी (जैसे ग्रेडिएंट, सेक्शनल विशेषताएं), ट्रबलशूटिंग डायरेक्टरी (DSD), सेफ्टी अवार्ड्स, सिग्नल लोकेशन, जनरल रूल्स फॉर लोको पायलट्स तथा टेक्निकल कैलेंडर जैसी उपयोगी सुविधाएं शामिल की गई हैं। इसके माध्यम से लोको पायलट अग्रिम रूप से मार्ग संबंधी अध्ययन कर सकते हैं, जिससे परिचालन के दौरान संभावित जोखिमों को कम किया जा सके।
इस अवसर पर धनबाद मंडल के विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी एवं 92 मुख्य लोको निरीक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आधुनिक तकनीक के माध्यम से रेल सुरक्षा एवं प्रशिक्षण को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
यह वेबसाइट न केवल लोको पायलटों के प्रशिक्षण में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि धनबाद मंडल में सुरक्षित एवं कुशल रेल परिचालन को नई दिशा प्रदान करेगी।

