पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। मौजूदा ओलंपिक में भारतीय टीन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को 52 साल बाद हरा कर इतिहास रच दिया। वहीं टीम के गोलकीपर श्रीजेश का ये आखिरी इंटरनेशनल टूर्नामेंट था और हॉकी टीम ने अपने बेहतरीन प्लेयर को सर्वश्रेठ विदाई दी। इसके बाद भारतीय टीम शनिवार को स्वदेश लौटी जहां टीम का दिल्ली एयर पोर्ट पर दमदार स्वागत हुआ।
इस दौरान हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने ढोल की थाप पर जमकर डांस भी किया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और बाकी खिलाड़ी दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं और फैंस उन्हें माला पहना रहे हैं। बैकग्राउंड में ढोल बजने की आवाज आ रही है। सभी बहुत खुश नजर आ रहे हैं।
वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि, हमें पूरा सहयोग मिला और हमारी सारी जरूरतें पूरी की गई। हम धन्यवाद देना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘हॉकी के लिये यह बड़ी उपलब्धि है। इस प्यार से हमारी जिम्मेदारी बढ़ गई है। हम हर बार पदक जीतकर लौटने की कोशिश करेंगे।’’ हरमनप्रीत ने पेरिस ओलंपिक में सर्वाधिक 10 गोल दागे। उन्होंने कहा कि इस स्वागत से टीम अभिभूत है। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि भारतीय प्रशंसक हमारे स्वागत के लिये यहां आये। टीम ने ओलंपिक की तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी और यह देखकर खुशी हुई कि हमारी मेहनत रंग लाई और हमारी जीत का जश्न पूरा देश मना रहा है।
फिलहाल बता दें कि, भारतीय हॉकी टीम ने स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। 32 साल बाद भारत ने ओलंपिक में लगातार दो मेडल जीते हैं। इससे पहले टीम इंडिया ने 1968 के मैक्सिको सिटी ओलंपिक और 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में लगातार दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे।