
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को 15वीं BRICS समिट में शामिल होने के लिए साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग पहुंच गए हैं। यहां उनका स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया गया। उन्हें रिसीव करने के लिए साउथ अफ्रीका के उपराष्ट्रपति पॉल शिपोकोसा मैशाटाइल वाटरक्लूफ एयरबेस पहुंचे। इस दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची भी वहां मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत साउथ अफ्रीका के ट्रेडिशनल ट्राइबल डांस के साथ किया गया। पीएम ने एयरपोर्ट पर भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात की। PM मोदी 24 अगस्त तक जोहान्सबर्ग शहर में रहेंगे। इस दौरान वो BRICS के कुछ सदस्य देशों के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
इससे पहले PM मोदी जुलाई 2018 में साउथ अफ्रीका गए थे। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी BRICS समिट में शामिल होने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंच चुके हैं। ऐसे में PM मोदी की उनसे मुलाकात हो सकती है। BRICS समूह में भारत के अलावा चीन, रूस, साउथ अफ्रीका और ब्राजील भी शामिल हैं।
14 साल पहले 2009 में बने ब्रिक्स समूह की बैठक इस बार काफी अहम मानी जा रही है। इसकी एकमात्र वजह इस संगठन का सदस्य बनने के लिए मची होड़ है। लगभग 40 देशों ने संगठन में शामिल होने की इच्छा जाहिर की है।
इनमें सऊदी अरब, तुर्किये, पाकिस्तान और ईरान भी शामिल हैं। इस बार की बैठक का सेंटर पॉइंट समूह का विस्तार ही होगा। हालांकि, इसके पांच सदस्य देशों के बीच अभी इस मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई है।
न्यूज एजेंसी ‘ANI’ की रिपोर्ट के मुताबिक इस बार की बैठक में 45 मेहमान देश शामिल हो सकते हैं। सम्मेलन के बाद अफ्रीका आउटरीच और ब्रिक्स प्लस डायलॉग किया जाएगा। इसमें दक्षिण अफ्रीका की ओर से आमंत्रित अन्य देश शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के सचिव विनय क्वात्रा के मुताबिक ब्रिक्स समिट में ग्लोबल इकोनॉमिक रिकवरी, जियो पॉलिटिकल चैलेंज और काउंटर टेरेरिज्म पर बातचीत की जाएगी।
ब्रिक्स संगठन में 5 मेंबर देश हैं। इनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और साउथ अफ्रीका शामिल हैं। ब्रिक्स देशों के बीच हर साल एक समिट होती है, जिसके लिए सभी देशों के लीडर्स इकट्ठा होते हैं। इसके लिए हर साल इन 5 देशों के बीच प्रेसिडेंसी और मेजबानी बदलती रहती है।
इस साल जनवरी में साउथ अफ्रीका के पास संगठन की मेजबानी पहुंची। लिहाजा, 22-24 अगस्त के बीच साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स समिट हो रही है। इसके बाद 2024 में रूस ब्रिक्स समिट की मेजबानी करेगा।
