crossorigin="anonymous"> सिक्किम : बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हुई - Sanchar Times

सिक्किम : बाढ़ में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हुई

Spread the love

गंगटोक/जलपाईगुड़ी। सिक्किम में बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के तीन दिन बाद इसके जल प्रवाह वाले निचले इलाकों में मिले शवों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतकों में सेना के सात जवान भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुक्रवार को बताया कि बरदांग इलाके से लापता हुए सेना के 23 जवानों में से सात के शव निचले इलाकों के विभिन्न हिस्सों से बरामद किए गए हैं, जबकि एक को बचा लिया गया तथा शेष लापता जवानों की तलाश सिक्किम और उत्तर बंगाल में जारी है।
आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार घटना में जान गंवाने वाले सेना के सात जवानों में से चार की पहचान कर ली गई है। मृतकों में बिन्नागुड़ी सैन्य अड्डे के गोपाल मद्दी, बेंगडुबी के 64 ब्रिगेड के नायक भवानी सिंह चौहान, अलीपुरद्वार में मधुबागान के नायक एनजी प्रसाद और बिमल उरांव शामिल हैं। ये शव तीस्ता नदी के बेसिन और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में दार्जीलिंग जिले के सिलीगुड़ी इलाके और जलपाईगुडी तथा कूचबिहार जिलों में उसकी सहायक नदियों से बरामद किए गए हैं। पश्चिम बंगाल की सीमा सिक्किम से लगी हुई है। बाढ़ से मची तबाही में मारे गए 22 लोगों में से 15 पुरुष तथा छह महिलाएं हैं, जबकि एक शव की पहचान अभी नहीं की जा सकी है। उत्तर सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर बुधवार सुबह बादल फटने से तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद 15 जवानों समेत कुल 103 लोग अब भी लापता हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) ने अपनी ताजा बुलेटिन में कहा कि अभी तक 2,411 लोगों को बचाकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।


Spread the love