crossorigin="anonymous"> तूफान ’शानशान‘ के कारण टोक्यो में जन जीवन अस्त व्यस्त - Sanchar Times

तूफान ’शानशान‘ के कारण टोक्यो में जन जीवन अस्त व्यस्त

Spread the love

जापान के अधिकतर हिस्सों में धीमी गति से आगे बढ़ रहे ऊष्णकटिबंधीय तूफान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। तूफान के कारण टोक्यो के आसपास भारी बारिश हुई और दक्षिणी जापान में सड़कें तथा नदी के किनारे के इलाके जलमग्न हो गए। टोक्यो के पश्चिम में कानागावा प्रान्त के कई क्षेत्रों में बाढ़ की सूचना है, जहां सड़कें अवरुद्ध हो गईं और यातायात बाधित हो गया। टोक्यो, कानागावा और निकटवर्ती शिजुओका प्रान्त में भारी बारिश तथा भूस्खलन के खतरे की चेतावनी जारी की गई है। भारी बारिश के कारण टोक्यो और आसपास के इलाके में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।


जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि ‘शानशान’ 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के साथ शिकोकू और होन्शू मुख्य द्वीपों की तरफ पूर्व में बढ़ रहा है, लेकिन इसके आगे बढ़ने की गति सिर्फ 10 किलोमीटर प्रति घंटा है। एजेंसी ने अगले 24 घंटे में शनिवार दोपहर तक शिकोकू और मध्य जापान में 30 सेंटीमीटर तक और टोक्यो तथा आसपास के प्रान्तों में 15 सेंटीमीटर तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। क्यूशू क्षेत्र में लगभग 80 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में अधिकतर लोग मियाजाकी और कागोशिमा के हैं। इसके अलावा दो लोग लापता हैं। दक्षिण-पश्चिमी शहरों को जोड़ने वाली सैकड़ों घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं, और शुक्रवार को टोक्यो और ओसाका के बीचंिशकानसेन बुलेट ट्रेन की सेवा को रोक दिया गया। डाक और सामान पहुंचाने वाली सेवाएं निलंबित कर दी गईं। क्यूशू और शिकोकू के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में सुपरमार्केट और अन्य दुकाने बंद कर दी गई हैं। ‘टोयोटा मोटर कॉपरेरेशन’ और ‘माजदा मोटर कॉपरेरेशन’ सहित ऑटोमोबाइल निर्माताओं ने प्रभावित क्षेत्रों में अपने कारखानों को शुक्रवार तक बंद कर दिया। सरकारी चैनल ‘एनएचके’ में प्रसारित फुटेज में चेरी ब्लॉसम देखने के लोकप्रिय स्थलों में से शामिल मेगुरो नदी में कीचड़ वाला पानी बह रहा है और नदी का जलस्तर सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है।

हिरात्सुका शहर में पार्किंग में खड़ी 12 से अधिक कार आधी डूब गई हैं और घुटने से ऊपर तक भरे पानी के बीच एक पैदल व्यक्ति गुजर रहा है। कानागावा के अन्य शहर निनोमिया में नदी का पानी सड़कों पर आ गया है जिससे वाहन फंस गए। तूफान ‘शानशान’ ने बृहस्पतिवार सुबह क्यूशू के दक्षिणी मुख्य द्वीप पर दस्तक दी थी। उस समय यह काफी शक्तिशाली था लेकिन बाद में धीरे-धीरे कमजोर होता चला गया। हालांकि, इसके आगे बढ़ने की रफ्तार काफी कम है और शुक्रवार की सुबह यह क्यूशू के उत्तरपूर्वी तट से कुछ ही दूरी पर सक्रिय था। विशेषज्ञों का कहना है कि तूफान की धीमी गति के कारण बारिश की मात्रा और अवधि बढ जाती है जिससे आपदा का खतरा पैदा हो जाता है।


Spread the love