crossorigin="anonymous"> रोहतास पुलिस ने दुर्दांत अपराधी अजित यादव को किया गिरफ्तार, दर्जन से अधिक मामले दर्ज - Sanchar Times

रोहतास पुलिस ने दुर्दांत अपराधी अजित यादव को किया गिरफ्तार, दर्जन से अधिक मामले दर्ज

Spread the love

हैदर अली
रोहतास ब्यूरो (संचारटाइम्स.न्यूज)

रोहतास पुलिस ने दुर्दांत अपराधी अजित यादव को गिरफ्तार किया है, जो जिले के विभिन्न थानों में दर्जनों संगीन अपराधों में संलिप्त रहा है। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान इस गिरफ्तारी की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर 2024 को डिहरी नगर थाना क्षेत्र के जक्खी बिगहा स्थित फ्लीपकार्ट के गोदाम में 6-7 अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर कैशियर और कर्मचारियों से चार लाख रुपये लूट लिए थे। इस घटना को लेकर डिहरी नगर थाना में कांड संख्या 706/24 दर्ज किया गया था।

पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया और एसडीपीओ डिहरी-01 के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया। तकनीकी अनुसंधान से यह पता चला कि इस लूटकांड में अजित यादव गिरोह का हाथ था।

आज, 26 दिसंबर 2024 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अजित यादव अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है और आयरकोठा से सासाराम की ओर जाने वाला है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अकोढ़ी गोला-आयरकोठा रोड पर घेराबंदी की और एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ अजित यादव को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में उसने डिहरी फ्लीपकार्ट लूटकांड, बड्डी स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड, और अन्य अपराधों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने अपने सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

अजित यादव का गिरोह रोहतास जिले और आस-पास के जिलों में हत्या, लूट, डकैती जैसे संगीन अपराधों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना आस-पास के जिलों में भी दी है, जहां इसके अन्य अपराधी इतिहास की जानकारी प्राप्त की जा रही है।


Spread the love