
हैदर अली
रोहतास ब्यूरो, (संचार टाइम्स.न्यूज)

सरकार द्वारा बाल विवाह रोकने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के तहत आज सासाराम स्थित सामाजिक संस्था ‘सुराज’ के कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
संस्था के संस्थापक डॉ. ठाकुर रविन्द्रनाथ ने जानकारी दी कि ‘जस्ट राइट फोरम’ का गठन कई संगठनों को मिलाकर किया गया है। यह फोरम देश के 416 जिलों में ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
डॉ. ठाकुर रविन्द्रनाथ ने बताया कि आगामी अक्षय तृतीया के अवसर पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आम जनता को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि धर्म गुरुओं से भी अनुरोध किया जाएगा कि वे बाल विवाह जैसी कुरीतियों से दूर रहें और यदि कहीं बाल विवाह होते देखे जाएं, तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।
डॉ. रविन्द्रनाथ ने सभी से बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होने और एक स्वस्थ, सुरक्षित समाज बनाने का आह्वान किया।
