सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो संचार टाइम्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिक्रमगंज में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे बिहार में वादा पूरा करके आए हैं। सभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने जोर देकर कहा कि “मैंने कहा था कि पहलगाम के जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। वादा किया था कि आतंकियों को कल्पना से बड़ी सजा दी जाएगी — और आज मैं गर्व से कहता हूं कि हमारी सेना ने उनके ठिकानों को खंडहर में तब्दील कर दिया है।”
प्रधानमंत्री का यह बयान हाल ही में हुए सुरक्षा अभियानों के संदर्भ में आया है, जिनमें जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ कड़े कदम उठाए गए। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि भारत अब किसी भी आतंकी हमले का मुँहतोड़ जवाब देता है, और यह “नया भारत” कमजोर नहीं है।
प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास को लेकर भी कई योजनाओं की चर्चा की और कहा कि केंद्र सरकार की नीतियाँ गरीब, किसान और युवा केंद्रित हैं। उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियों का ज़िक्र करते हुए कहा, “हमने विकास को गति दी है, और अब देश के हर कोने में उसका असर दिखाई दे रहा है।”
सभा में भारी भीड़ उमड़ी, जिसमें लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। यह रैली आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।






















