हैदर अली, संचार टाइम्स ब्यूरो रोहतास
सासाराम से चुनावी तैयारियों को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने आज सुरक्षा दल के साथ सासाराम के बज्रगृह (स्ट्रांग रूम) का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार, रोहतास जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों की EVM मशीनें इसी परिसर में रखी जाएंगी और मतगणना का कार्य भी यहीं से संचालित होगा। सासाराम के बाजार समिति प्रांगण को स्ट्रांग रूम के रूप में उपयोग में लाया जा रहा है, जहां मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी रौशन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की और सभी आवश्यक मानकों का जायजा लिया। वहीं डीएम उदिता सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर बज्रगृह की स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और व्यवस्था दोनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

