
हैदर अली, संचार टाइम्स ब्यूरो रोहतास

सासाराम से खबर है, जहां कल एक अहम राजनीतिक कार्यक्रम होने जा रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेशव्यापी “युवा शंखनाद कार्यक्रम” की शुरुआत सासाराम से होने जा रही है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज शामिल होंगी।

कार्यक्रम का आयोजन सासाराम के बाल विकास मैदान में किया गया है, जहां 10 हजार से अधिक युवा कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है। इस अवसर पर बांसुरी स्वराज युवाओं को संबोधित करेंगी और चुनावी बिगुल फूंकेंगी। आज सासाराम के परिसदन में प्रेस वार्ता करते हुए भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम पूरे बिहार के 14 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है, लेकिन सासाराम विशेष रूप से केंद्र में रहेगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन आगामी चुनावों के मद्देनज़र युवाओं को पार्टी से जोड़ने और उन्हें सक्रिय करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
बाल विकास मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिहार में चुनावी अभियान का आगाज़ करेगी। सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक तैयारी को लेकर स्थानीय प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरशोर से तैयारी की जा रही है।
यह कार्यक्रम भाजपा के लिए न केवल युवाओं को जोड़ने का माध्यम होगा, बल्कि सासाराम को एक बार फिर से प्रदेश राजनीति के केंद्र में लाने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।

