हैदर अली संचार टाइम्स ब्यूरो रोहतास
सासाराम रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आपराधिक तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने के उद्देश्य से उनके साथ-साथ चल रहे सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार, प्रधान आरक्षी राकेश कुमार कनौजिया, आरक्षी पंकज कुमार सिंह द्वारा साधु भेष में दो व्यक्ति को सैंड बोआ साँप के साथ प्लेटफार्म संख्या-2 से धर-दबोचा गया।
दोनों व्यक्ति दिल्ली जाने वाली गाड़ी में बैठने वाले थे। पकड़े गये व्यक्ति के पास से बरामद साँप की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों में बतायी गयी है। आरपीएफ के हिरासत में लिए गये तस्करों में 21वर्षीय देव,पिता नसीबनाथ, झुग्गी नंबर-20 ओखला मोड़ सपेरा बस्ती लाल कुआं, बदरपुर दक्षिणी दिल्ली तथा संजूनाथ उम्र करीब 47 वर्ष पिता-कृपालनाथ,निवासी जेआई डाबर एन्क्लेव, रावत मोड़ जाफ़रपुर कला साउथ वेस्ट दिल्ली शामिल हैं।
इस संदर्भ में संजीव कुमार ने बताया कि पकड़े गये तस्कर से पूछताछ के दौरान सर्प के बारे में दोनों ने कोई स्पष्ट कारण नही बताया। उन्होंने बताया कि रेड सैंड बोआ स्नेक वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तरह संरक्षित जन्तु हैं। दोनों रेड सैंड बोआ स्नेक को रेस्क्यू किया गया तथा दोनों व्यक्तियों को रेल सुरक्षा बल पोस्ट सासाराम लाकर वन विभाग को इसकी सूचना दी गयी।
सूचना पर पहुँचे वन विभाग,सासाराम के कर्मियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु पकड़े गये दोनों व्यक्तियों को सुपुर्द किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने जोर देकर कहा कि रेलवे सुरक्षा बल, सासाराम रेल-यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्य-जीव संरक्षण के प्रति भी सजग और गंभीर है।

