ST.News Desk
Sanjay Malhotra, गवर्नर, Reserve Bank of India ने 23 फरवरी को IDFC First Bank में सामने आए ₹590 करोड़ के फ्रॉड मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम इस घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं, यहां कोई सिस्टमेटिक इश्यू नहीं है।”
उन्होंने कहा कि बैंकों के पास पर्याप्त पूंजी है। “कैपिटल एडिक्वेसी 17% है, जबकि नियामकीय आवश्यकता 11.5% है,” उन्होंने भरोसा दिलाया।
शेयरों में भारी गिरावट
दोपहर 12:35 बजे तक IDFC फर्स्ट बैंक के शेयर करीब 16% गिरकर ₹70.39 पर कारोबार कर रहे थे। इंट्राडे में शेयर में लगभग 20% तक की गिरावट देखी गई। रविवार को बैंक ने खुलासा किया था कि हरियाणा सरकार से जुड़े खातों में कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से ₹590 करोड़ की कथित धोखाधड़ी हुई है।
बैंक ने कहा है कि उसने इस मामले की जानकारी बैंकिंग नियामक को दे दी है और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
मुनाफे पर असर, पूंजी पर सीमित दबाव
ब्रोकरेज अनुमानों के मुताबिक, यह राशि बैंक की नेटवर्थ का लगभग 0.9% और वित्त वर्ष 2026 के प्री-टैक्स प्रॉफिट का करीब 20% है।
UBS के अनुसार, यह रकम FY26 के प्रॉफिट आफ्टर टैक्स का लगभग 22% हो सकती है, हालांकि पूंजी पर असर करीब 1% तक सीमित रहेगा।
Morgan Stanley ने भी FY26 के प्री-टैक्स प्रॉफिट पर लगभग 20% के संभावित असर का अनुमान जताया है।
Jefferies ने कहा कि बैंक को निवेशकों को भरोसा दिलाना होगा कि यह मामला अन्य ग्राहकों तक नहीं फैला है और यह कोई व्यापक या प्रणालीगत समस्या नहीं है।
फॉरेंसिक ऑडिट के आदेश
बैंक ने अपनी फाइलिंग में कहा कि प्रथम दृष्टया चंडीगढ़ की एक विशेष शाखा में हरियाणा सरकार से जुड़े कुछ खातों में कर्मचारियों द्वारा अनधिकृत और धोखाधड़ी गतिविधियां की गईं।
चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है और स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट के लिए KPMG को नियुक्त किया गया है। बैंक ने यह भी कहा है कि अन्य बैंकों में जुड़े खातों से संभावित रिकवरी की संभावना है।
हरियाणा सरकार का सख्त कदम
इस बीच हरियाणा सरकार ने IDFC फर्स्ट बैंक और AU Small Finance Bank को सरकारी कामकाज के लिए तत्काल प्रभाव से डी-एम्पैनल कर दिया है। अगले आदेश तक इन बैंकों के जरिए कोई सरकारी धन जमा, निवेश या ट्रांजैक्शन नहीं किया जाएगा।
आरबीआई के बयान से बाजार को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन निवेशकों की नजर अब फॉरेंसिक ऑडिट की रिपोर्ट और संभावित रिकवरी पर टिकी है।

