रिपोर्ट: हैदर अली, रोहतास ब्यूरो
जिलाधिकारी Udita Singh के निर्देश पर घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति और वितरण सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और गैस की ब्लैकमार्केटिंग व अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीआरडीए सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स और गैस कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल और प्रखंड स्तर के अधिकारी लगातार गैस एजेंसियों पर निरीक्षण और छापेमारी कर रहे हैं। साथ ही, उपभोक्ताओं से फीडबैक भी लिया जा रहा है।
प्रशासन ने साफ किया है कि ब्लैकमार्केटिंग, होर्डिंग या अधिक कीमत पर गैस बेचने की शिकायत मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रेस वार्ता में मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. Neha Kumari ने कहा कि उपभोक्ताओं के हित में पारदर्शी और सुचारू गैस आपूर्ति के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र सक्रिय है। उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में एआरएन एजेंसी, शिप्रा एजेंसी और इंडेन गैस एजेंसी को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।
हालांकि, प्रशासन के दावों के उलट जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ अलग नजर आ रही है। गैस एजेंसियों पर अभी भी लंबी कतारें देखी जा रही हैं और उपभोक्ता गैस की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं। आने वाले Eid और Navratri के मद्देनज़र लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
प्रशासन का कहना है कि जल्द ही स्थिति में सुधार होगा और होम डिलीवरी भी शुरू कर दी गई है। अब देखना होगा कि प्रशासन के दावे जमीनी हकीकत में कब तक बदलते हैं।

