मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में स्टीमर पलटने से बड़ा हादसा हो गया। करीब 25-30 लोग सवार थे, जिनमें कई लोग डूब गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है
ST.News Desk
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां यमुना नदी में स्टीमर पलटने से हड़कंप मच गया। यह हादसा श्रृंगार घाट और केसी घाट के पास हुआ, जहां स्टीमर में सवार करीब 25 से 30 लोग अचानक दुर्घटना का शिकार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब एक दर्जन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में लापता लोगों की तलाश जारी है। अब तक 13 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 5 लोग सुरक्षित हैं।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ। लुधियाना से आए करीब 30 लोग नावों के जरिए यमुना भ्रमण कर रहे थे, तभी केसी घाट के पास यह दुर्घटना हो गई। उन्होंने बताया कि आर्मी से भी मदद मांगी गई है और राहत कार्य तेजी से जारी है।
प्रशासन ने सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। रामकृष्ण मिशन अस्पताल को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों का तुरंत इलाज किया जा सके।
वहीं, एसपी (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि अब तक 22 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों को एम्बुलेंस और आठ पीआरवी यूनिट्स के जरिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे की एक वजह पास में चल रहा पीपा पुल का मरम्मत कार्य हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई।
इस घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और यमुना नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

