आज के समय में बढ़ते मोटापे के बीच लोग तेजी से वजन कम करने के तरीके खोज रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि डाइट ज्यादा असर करती है या एक्सरसाइज। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सही जवाब दोनों के संतुलन में छिपा है
ST.News Desk
देश-दुनिया में बढ़ते मोटापे के मामलों के बीच लोग वजन कम करने के लिए शॉर्टकट अपनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स इसे सही नहीं मानते। ग्रेटर नोएडा के शारदा हॉस्पिटल में सीनियर कंसल्टेंट डॉ. श्रेय श्रीवास्तव के अनुसार, वजन घटाने के लिए सिर्फ डाइट या सिर्फ एक्सरसाइज पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोनों का संतुलित मेल जरूरी है।
डॉक्टर के मुताबिक, वजन कम करने में डाइट की भूमिका सबसे अहम होती है। यदि कोई व्यक्ति अपनी रोज़ाना की कैलोरी जरूरत से कम कैलोरी लेता है, तो शरीर जमा फैट को ऊर्जा के रूप में इस्तेमाल करने लगता है। इसलिए कम कार्बोहाइड्रेट, ज्यादा प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट से भरपूर डाइट वजन घटाने में मददगार होती है। खराब खानपान के साथ सिर्फ एक्सरसाइज करने से अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते।
वहीं, एक्सरसाइज शरीर को एक्टिव और फिट बनाए रखने में मदद करती है। Running, Cycling और तेज चलना जैसे कार्डियो वर्कआउट कैलोरी बर्न करते हैं, जबकि स्ट्रेंथ ट्रेनिंग मांसपेशियों को मजबूत बनाकर मेटाबॉलिज्म को बढ़ाती है। इससे लंबे समय तक वजन को नियंत्रित रखना आसान हो जाता है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर कोई व्यक्ति सिर्फ डाइट पर ध्यान देता है और एक्सरसाइज नहीं करता, तो वजन तो कम हो सकता है, लेकिन शरीर कमजोर और ढीला लग सकता है। वहीं, सिर्फ एक्सरसाइज करने से बिना सही डाइट के वजन घटने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है।
इसलिए स्वस्थ और तेजी से वजन कम करने के लिए संतुलित डाइट और नियमित एक्सरसाइज दोनों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है।
Disclaimer:
यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने या डाइट में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

